पौड़ी के सबदरखाल में बड़ा हादसा, 300 मीटर खाई में गिरी कार
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी-देवप्रयाग मोटरमार्ग पर सबदरखाल के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे जा गिरी। कार में सवार सभी व्यक्ति दिल्ली से फूलण गांव पूजा के लिए आ रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह दिल्ली से पौड़ी आ रहे लोगों की कार सबदरखाल के पास अचानक बेकाबू होकर सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवा 108 की सहायता से सभी घायलों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया. जहां घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से समय रहते राहत एवं बचाव कार्य संपन्न हो गया. जिससे लोगों की जान बच गई।
जिला अस्पताल पौड़ी के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि सभी घायलों को सामान्य चोटें आई हैं। एक महिला का सीटी स्कैन कराया जा रहा है। जबकि अन्य का भी उपचार चल रहा है। सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
