अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध हालत में मौत, फंदे से लटका मिला शव
प्रयागराज में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है. उनका शव फांसी के फंदे से लटकता मिला. अल्लापुर स्थित बाघंबरी गद्दी के कमरे से उनका शव फंदे से लटका पाया गया. इस खबर से हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मौके पर फिलहाल भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौजूद हैं. मठ के लोगों से पूछताछ कर रही है. जैसे ही आचार्य नरेंद्र गिरि की मौत की खबर मिली प्रयागराज के आईजी और डीआईजी तुरंत मौके पर पहुंच गए. आचार्य नरेंद्र गिरि प्रयागराज के नामी संत थे. उनकी मौत की खबर से अखाड़ा परिषद के सदस्यों समेत संत समाज के बीच शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस आश्रम में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है.
काफी दिनों से तनाव में थे महंत नरेंद्र गिरि
रविवार को महंत नरेंद्र गिरि से यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुलाकात की थी. कहा जा रहा है कि वह काफी दिनों से तनाव में थे. अब पुलिस उनकी मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. महंत नरेंद्र गिरी का उनके शिष्य आनंद गिरि के साथ लंबे समय से विवाद रहा. उन्होंने आनंद गिरि को मठ से निकाल दिया था.हालांकि बाद में शिष्य ने गुरु के पैर छूकर माफी मांग ली थी. दोनों के बीच सुलह हो गई थी. महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बाद यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
प्रयागराज में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने शोक व्यक्त किया है। योगी आदित्यनाथ ने महंत नरेंद्र गिरि के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट कर कहा ‘अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि जी का ब्रह्मलीन होना आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल अनुयायियों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि जी का ब्रह्मलीन होना आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति है।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल अनुयायियों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) September 20, 2021
महंत नरेंद्र गिरि ने BSP पर साधा था निशाना
महंत नरेंद्र गिरि ने हालही में यूपी के धार्मिक और तीर्थ क्षेत्रों में माांस और शराब की बिक्री पर रोक लगाए जाने पर खुशी जताई थी. उन्होंने हाल ही में बीएसपी के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर भी निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि तिलक, तराजू और तलवार… का नारा देने वाली पार्टी सियासी फायदे के लिए ब्राह्मण सम्मेलन कर रही है. उन्होंने बीएसपी से सवाल किया था कि जूते मारने की बात करने वाली पार्टी को अचानक ब्राह्मणों के सम्मान की बात कैसे याद आ गई.
