आकाशीय बिजली गिरने से बिहार में 83, यूपी में 24 लोगों की मौत
कोरोना संकट के बीच बिहार और उत्तर प्रदेश में आसमानी आफत टूटा है। आकाशीय बिजली गिरने से बिहार में 83 और यूपी में 24 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही दोनों राज्यों के कई जिलों में आंधी-तूफान से भारी तबाही मचाई।
बिहार में बीते 24 घंटे में अलग-अलग जिलों में वज्रपात से 83 लोगों की मौत हो गई, जिसमें अकेले गोपालगंज में सबसे अधिक 13 लोगों की जान चली गई। वहीं इस दौरान उत्तर प्रदेश में भी इस कहर की चपेट में आकर 24 लोगों की जान चली गई। बड़ी संख्या में लोग झुलस गए, जिनका इलाज चल रहा है।
इस घटना को लेकर पीएम मोदी ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों के निधन का समाचार मिला, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।
वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद की अपील की है।
आपको बता दें कि बिहार में जहां कई जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत हो गई, वहीं सबसे अधिक 13 लोगों की मौत अकेले गोपालगंज जिले में हुई। यहां बिजली गिरने की घटना में कम से कम छह लोग घायल हैं। वहीं आकाशीय बिजली गिरने से मधुबनी और नवादा में 8-8, भागलपुर और सीवान में 6-6, बांका, दरभंगा और पूर्वी चंपारण जिले में 5-5 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा खगडिया और औरंगाबाद में 3-3, जहानाबाद, किशनगंज, पश्चिमी चंपारण, जमुई, पूर्णिया, सुपौल, कैमूर और बक्सर में दो-दो और सारण, शिवहर, समस्तीपुर, मधेपुरा और सीतामढ़ी में वज्रपात से एक-एक लोगों की मौत हुई है।
वहीं, उत्तर प्रदेश में भी पिछले 24 घंटों में प्रकृति का कहर लोंगों पर टूट पड़ा। मानसूनी बारिश में राज्य में 24 लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। इसमें सर्वाधिक 9 लोगों की मौत देवरिया जनपद में हुई है। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त संजय गोयल बताया, “मानसूनी बारिश के कारण गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आकशीय बिजली गिरने से 24 लोगों की मौत हो गई है। जिनमें कुशीनगर में एक, फतेहपुर में एक, उन्नाव में एक, देवरिया में नौ, बाराबंकी में दो, प्रयागराज में छह, अम्बेडकर नगर में तीन, बलरामपुर में एक व्यक्ती की मौत हो गई।”
स्थानीय लोगों से मिल रही जानकारी के अनुसार देवरिया जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को बारिश के बीच बिजली गिरने से सात वर्ष की बालिका और किसान समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। इनमें से अधिकांश लोग अपने खेतों में काम करने के लिए गए हुए थे, तभी उन पर प्रकृति का कहर टूट पड़ा।
