लेह को मिला विमानन बढ़ावा: नागर विमानन बुनियादी ढांचा परियोजना का उद्घाटन
एयर फ़ोर्स स्टेशन लेह में नई परियोजना से वायु संपर्क, पर्यटन और आपदा राहत क्षमता को मिलेगी मजबूती
लद्दाख में नागर विमानन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत 28 जनवरी 2026 को एयर फ़ोर्स स्टेशन लेह में नागर विमानन बुनियादी ढांचा विकास परियोजना का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना का उद्घाटन केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल श्री कविंदर गुप्ता ने पश्चिमी वायु कमान के वरिष्ठ एयर स्टाफ ऑफिसर एयर मार्शल जे.एस. मान की उपस्थिति में किया।
इस परियोजना का उद्देश्य लद्दाख में नागर विमानन ढांचे को मजबूत करना तथा सिविल प्रशासन और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी एजेंसियों के बीच समन्वय को और सशक्त बनाना है। अत्यंत चुनौतीपूर्ण ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद इस बुनियादी ढांचे का उन्नयन रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है।
विकसित सुविधाओं से विमानों की जमीनी आवाजाही सुगम होगी और नागरिक उड़ानों के प्रस्थान में तेजी आएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और समय की बचत होगी। बेहतर वायु संपर्क से लेह क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, नए आर्थिक अवसर सृजित होंगे और स्थानीय आजीविका को समर्थन मिलेगा।इसके साथ ही, उन्नत विमानन सुविधाएं मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों के लिए क्षेत्र की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को भी सुदृढ़ करेंगी। यह परियोजना लद्दाख के दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

