किसान आंदोलन: विज्ञान भवन पहुंचे किसान नेता, सरकार के साथ होगी बैठक
केंद्र सरकार के किसान कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान यूनियन दल के नेता विज्ञान भवन पहुंच चुके हैं। जानकारी के अनुसार, किसान नेता 2 बसों में पहुंचे और थोड़ी देर के बाद उनकी केंद्र सरकार के साथ मुद्दे को सुलझाने को लेकर बैठक होगी। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी विज्ञान भवन पहुंच चुके हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सरकार की ओर से किसानों की बात सुनेंगे और किसानों को मनाने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा, कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि बातचीत में गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं।
किसानों का प्रदर्शन छठे दिन जारी
कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों का विरोध प्रदर्शन लगातार छठे दिन जारी है। दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर किसान संगठन अब भी जमे हुए हैं। किसानों से बातचीत करने से पहले सरकार के कई बड़े मंत्री एक अलग मीटिंग की। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर हो रही मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद थे।
बुलाए गए 32 किसान संगठन
पिछले 5-6 दिनों से सरकार कोशिश कर रही थी कि किसान सड़कों से हटें और बुराड़ी के एक ग्राउंड में आ जाएं, लेकिन किसानों ने इससे इनकार कर दिया। किसान संगठनों और सरकार के बीच दो राउंड की बात हो चुकी है, इस दौरान जो संगठन चर्चा में शामिल हुए थे, फिर से सरकार ने उन्हें ही न्योता दिया है। कृषि मंत्रालय की ओर से कुल 32 संगठनों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है, हालांकि कुछ नेताओं ने आपत्ति जताई है।
