किरण रिजिजू करेंगे भारत-चीन सीमा पर जवानों से मुलाकात

0
1482483275

 केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने औली पहुंचकर आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों की हौसला अफजाई की। इस दौरान आइटीबीपी के जवानों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से केंद्रीय मंत्री को रोमांचित कर दिया। बुधवार को रिजिजू भारत-चीन सीमा की अग्रिम चौकियों में पहुंचकर वहां तैनात जवानों से मुलाकात करेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सेना के एमआइ-17 विमान से जोशीमठ पहुंचे। लेकिन, बर्फबारी के कारण जोशीमठ-औली मोटर मार्ग के बंद पड़े होने से उन्हें रोपवे के जरिये औली जाना पड़ा। इसके बाद रिजिजू सीधे आइटीबीपी प्रथम वाहिनी के सुनील स्थित कैंप में पहुंचे, जहां भारतीय पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। 

इस दौरान हिमवीरों ने बर्फ में स्कीइंग के डेमो सहित रोमांचित करने वाले करतब दिखाए। रिजिजू ने हिमवीरों से मुलाकात कर विषम भौगोलिक परिस्थितियों में उनके कार्यों की सराहना की। बताया गया कि रिजिजू बुधवार को सीमा चौकियों के निरीक्षण के साथ ही प्रशिक्षण संस्थान में चल रहे कार्यों को भी देखेंगे। विदित हो कि भारत-चीन सीमा पर इन दिनों भारी बर्फबारी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *