‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का आगाज 29 अगस्त से, संगरूर में होगा भव्य उद्घाटन 5 लाख खिलाड़ी दिखाएंगे दम, विजेताओं को मिलेंगे 9 करोड़ के नकद इनाम
चंडीगढ़, 26 अगस्त: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तीसरे संस्करण के लिए टी-शर्ट और लोगो लॉन्च किया। यह विशाल खेल प्रतियोगिता 29 अगस्त से संगरूर के वार हीरोज़ स्टेडियम से शुरू होगी, जो राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन की याद में आयोजित की जा रही है।
इस साल 37 खेलों के नौ आयु वर्गों में 5 लाख से अधिक खिलाड़ी पदकों के लिए भिड़ेंगे। सरकार ने विजेताओं के लिए 9 करोड़ रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। खास बात यह है कि इस बार पैरा एथलीट्स के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और पावरलिफ्टिंग को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर खेलों की ओर प्रेरित करना है। प्रतियोगिता के तहत ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 1-10 सितंबर, जिला स्तरीय मुकाबले 15-22 सितंबर, और राज्य स्तरीय मुकाबले 11 अक्टूबर से 9 नवंबर तक होंगे।
पिछले साल हुए इस खेल महोत्सव में 4.5 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें 12,500 विजेता खिलाड़ियों को 8.87 करोड़ रुपये के नकद इनाम दिए गए थे।
