कैथल में बड़ा खुलासा: चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठा पति, DC निरीक्षण में पकड़ा गया मामला, नोटिस जारी सबहेडलाइऩ:
कैथल : कैथल जिले के पुंडरी पंचायत समिति कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब उपायुक्त (DC) प्रीति ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि निर्वाचित चेयरपर्सन सुषमा देवी की कुर्सी पर उनके पति बैठे हुए थे।
इस गंभीर उल्लंघन पर कार्यकारी अधिकारी ने चेयरपर्सन को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने के आदेश दिए हैं।
DC ने साफ किया कि निर्वाचित पद पर किसी अन्य व्यक्ति का बैठना नियमों और लोकतांत्रिक मूल्यों दोनों का उल्लंघन है। अधिकारी ने कहा कि चेयरपर्सन की कुर्सी पर बैठने का अधिकार केवल पदाधिकारी को है, चाहे वह पति ही क्यों न हो। अगर निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो रिपोर्ट सीधे उपायुक्त कैथल को भेजी जाएगी और इसकी जिम्मेदारी चेयरपर्सन की होगी।
बोर्ड पर भी लिखा था पति का नाम
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कार्यभार ग्रहण बोर्ड (Incumbency Board) पर सुषमा देवी के नाम के साथ उनके पति का नाम भी दर्ज था। सरकारी नियमों के अनुसार किसी भी पदाधिकारी को अपने पदनाम के साथ पति या पिता का नाम जोड़ने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा मामला सामने आया हो। इसी साल फरवरी में सीवन पंचायत समिति के निरीक्षण में भी चेयरपर्सन की कुर्सी पर उनके पति बैठे मिले थे। उस समय भी DC ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। अब दोबारा ऐसी घटना सामने आने से प्रशासनिक सख्ती और बढ़ने की संभावना है।
