अभी-अभीः बीजेपी में राजनीतिक जमीन तलाश रहे कर्नल की आप में एंट्री, बीजेपी ने दिया था झटका
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी और सक्रिय हो गई है। इस कडी में रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने सोमवार को आप पार्टी का दामन थाम लिया है। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में मिशन उत्तराखंड नवनिर्माण कार्यक्रम के तहत कर्नल कोठियाल आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। पिछले लंबे समय से कर्नल अजय कोठियाल बीजेपी में शामिल होने की योजना बना रहे थे, लेकिन उनकी बात नही बन पायी। यहा तक की लोकसभा चुनाव 2019 में कर्नल समर्थकों ने उनके पौडी लोकसभा सीट से चुनाव लडने का ऐलान कर दिया था, लेकिन न बीजेपी और न कांग्रेस पार्टी से टिकट मिलने के कारण कोठियाल चुनाव से पीछे हट गये थे।
सूत्रों की माने तो कर्नल अजय कोठियाल ने निर्दलीय लोकसभा चुनाव लडने का भी मन बना दिया था, लेकिन कांग्रेस से मनीष खंडूडी के चुनाव मैदान में उतरने से प्रदेश के बडे जनरल पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूडी ने कर्नल को तलब कर दिल्ली बुला दिया था। जिसके बाद उन्होंने लोकसभा चुनाव से दूरी बनाकर रखी और पिछले दो वर्ष से बीजेपी से संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण उन्होंने आप का दामन थामा।
वहीं आप के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया और प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने दिल्ली में बेहतर काम किया है। बेरोजगारी और हेल्थ सेक्टर में पार्टी उत्तराखंड में भी मजबूती से काम करेगी। पार्टी का मकसद युवाओं को आगे रखकर प्रदेश में विकास करना है। कार्यक्रम को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। सैन्य परिवार बाहुल्य प्रदेश में कर्नल अजय कोठियाल की सैन्य पृष्ठभूमि पार्टी को उत्तराखंड में पैठ जमाने में मदद कर सकती है।
