जालंधर में ‘सहयोग’ प्रोजेक्ट लॉन्च, अब एक क्लिक पर हल होगी आपकी समस्या पंजाब पुलिस की नई पहल से पुलिस-पब्लिक के बीच की दूरी होगी कम, 4 हफ्ते तक चलेगा जागरूकता अभियान।
जालंधर: पंजाब पुलिस ने जनता की समस्याओं को तुरंत हल करने और पुलिस व लोगों के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए ‘सहयोग’ प्रोजेक्ट लॉन्च किया है। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने रविवार को एम.जी.एन. स्कूल में इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस दौरान शहर की 800 से अधिक सोसायटियों और एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि ‘सहयोग’ मिशन अगले 4 हफ्तों तक चलेगा। इस अभियान के तहत लोगों को पुलिस सेवाओं और उनकी उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों के पास पुलिस से जुड़ी कई जरूरी जानकारी नहीं है, जैसे 100 नंबर की जगह अब 112 पर शिकायत करनी होती है या उनके इलाके के ए.सी.पी. और ए.डी.सी.पी. कौन हैं।
इसके लिए चुनी गई सोसायटियों और एसोसिएशन के प्रधानों और पदाधिकारियों को पुलिस अधिकारी सभी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इस पहल से लोग न केवल अपने अधिकारों और सेवाओं को समझ पाएंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर सही कदम उठा सकेंगे।
इस कार्यक्रम के अंत में फीडबैक सेशन रखा जाएगा, जिसमें जनता की राय और सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया कि जनता के मुद्दों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
