फिर बदलने जा रहा है मौसम, IMD ने 18 राज्यों में जारी किया बारिश का येलो अलर्ट, जानिए आपके राज्य का हाल

Transparent umbrella under rain against water drops splash background. Rainy weather concept.

Transparent umbrella under rain against water drops splash background. Rainy weather concept.

देश के कई राज्यों से मानसून की विदाई हो चुकी है। इस कारण अब बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं। लेकिन इसके बावजूद कुछ राज्यों में बारिश का अनुमान जताया गया है। आईएमडी ने बिहार, झारखंड सहित देश के 18 राज्यों में बारिश का ‘येलो अलर्ट‘ जारी किया है।

अब एक बार फिर कुछ राज्यों में मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करके बताया है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कई इलाकों में दो से तीन दिनों तक बारिश की संभावना है। वहीं आईएमर्डी ने आज यानी 3 अक्टूबर 2022 को बिहार, झारखंड सहित देश के 18 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कुछ जगह हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी तथा कुछ राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

जानिए किन राज्यों में है येलो अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 3 अक्टूबर को बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से, तमिलनाडु, केरल, गोवा व महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं कुछ राज्यों में आज तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

6 अक्टूबर तक इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग की मानें तो 6 अक्टूबर के बाद दो से तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मध्यम से तेज बारिश होगी। इसके अलावा उत्तर पूर्व भारत अगले तीन से चार दिनों तक तेज बारिश के आसार हैं। आईएमडी ने बताया है कि ओडिशा में दो से छह अक्टूबर, गंगीय पश्चिम बंगाल में दो से चार अक्टूबर, झारखंड में तीन से चार अक्टूबर, बिहार में चार और पांच अक्टूबर, नॉर्थ ईस्ट मध्य प्रदेश में पांच और छह अक्टूबर, नॉर्थवेस्ट मध्य प्रदेश में छह अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में चार और पांच अक्टूबर को गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत के इन इलाकों में जमकर बरसेंगे बादल

दक्षिण के राज्यों की बात करें तो तटीय आंध्र प्रदेश के इलाकों, यनम में दो, चार और पांच अक्टूबर को भारी बारिश के आसार हैं। दक्षिणी कर्नाटक के हिस्सों में दो अक्टूबर और तेलंगाना में पांच व छह अक्टूबर को तेज बरसात हो सकती है। अन्य राज्यों की बात करें तो मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड और त्रिपुरा में दो से चार अक्टूबर के बीच गरज के साथ बरसात हो सकती है। असम, मेघालय में भी बारिश होने की उम्मीद है।

यूपी-उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंडए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में छह और सात अक्टूबर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में पांच से सात अक्टूबर के बीच मध्यम से तेज बरसात होने की संभावना है। इसके अलावा, उत्तराखंड में छह और सात अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होगी।

दिल्‍ली-एनसीआर में इस हफ्ते मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग ने कहा कि  4 अक्टूबर को शाम के समय एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 5 अक्टूबर से बारिश कुछ बढ़ेगी। शाम के समय हल्की बारिश होगी। बहुत तेज बारिश की संभावना नहीं है। 6 अक्टूबर को हल्की और 7 अक्टूबर को मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट होगी। यह 29 से 30 डिग्री पर पहुंच जाएगे। 8 अक्टूबर को भी मध्यम बारिश की संभावना है।