ब्रेकिंग: बरनाला में स्कॉर्पियो ने रौंदा ढाई साल की मासूम जोया, चर्च में हुआ दिल दहला देने वाला हादसा, CCTV में कैद पूरी वारदात
स्कूल स्टाफ की लापरवाही से गई मासूम की जान, माता-पिता का फूटा दर्द – ‘एक नहीं, दो बार कुचली गई हमारी बच्ची’, आरोपी चालक पर मामला दर्ज, जांच जारी
बरनाला (पंजाब): बरनाला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राइवेट स्कूल की स्कॉर्पियो गाड़ी ने ढाई साल की मासूम बच्ची जोया को कुचल दिया। घटना एक चर्च परिसर की बताई जा रही है, जहां बच्ची अपने माता-पिता के साथ मौजूद थी। हादसा स्कूल के ही एक कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें स्कूल की मैनेजमेंट की गाड़ी लापरवाही से चलाई गई।
मृतक जोया के माता-पिता अनुपम और सूरज कुमार ने बताया कि उनकी इकलौती बेटी को स्कॉर्पियो चालक ने न सिर्फ एक बार बल्कि दो बार बेरहमी से कुचल दिया। दर्दनाक हादसे के बाद भी स्कूल स्टाफ ने कोई मदद नहीं की, न ही बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। माता-पिता का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने इस घटना के बाद न तो कोई माफी मांगी और न ही संपर्क किया।
घटना की CCTV फुटेज सामने आ चुकी है, जिसमें देखा जा सकता है कि बच्ची कुछ समय पहले तक अपने माता-पिता के साथ खेल रही थी। तभी तेज रफ्तार से आती स्कॉर्पियो उसे कुचल देती है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर पर मामला दर्ज कर जांच तेज़ कर दी है।
स्थानीय थाना सिटी वन के जांच अधिकारी ने बताया कि गाड़ी में कुछ महिला स्टाफ भी मौजूद थीं, लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की। अब बच्ची के माता-पिता न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
