बॉर्डर स्टेट्स के विद्यार्थी भी 28 नवंबर तक कर सकेंगे PSEB में दाखिला, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए जारी हुए निर्देश
मोहाली: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने छात्रों के लिए राहत भरी खबर दी है। बोर्ड ने आज सभी स्कूल प्रमुखों को सूचित किया कि दूसरे राज्यों के शिक्षा बोर्ड में पढ़ रहे विद्यार्थी अब 28 नवंबर 2025 तक इंटर-बोर्ड माइग्रेशन के जरिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में दाखिला ले सकते हैं।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आठवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। 31 अक्टूबर तक माइग्रेशन के लिए फीस 3,100 रुपये और 1 से 28 नवंबर तक 5,100 रुपये जमा कर ऑनलाइन दाखिला एवं रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा।
बोर्ड ने स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने स्टाफ को इस प्रक्रिया के प्रति सतर्क करें, ताकि किसी विद्यार्थी की माइग्रेशन रुकावट के कारण बाधित न हो। सभी निर्देश और शेड्यूल स्कूल लॉगिन आईडी और बोर्ड की वेबसाइट www.pseb.ac.in पर उपलब्ध हैं।
इस वर्ष पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अवधि 30 सितंबर तक बढ़ाई गई थी। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
