बाढ़ से 1.5 लाख एकड़ फसल बर्बाद, अरुणा चौधरी ने कहा – स्थायी पुल और बेहतर नीतियां हों लागू
चंडीगढ़: विधायक अरुणा चौधरी ने पंजाब विधानसभा में बाढ़ के दौरान गुरदासपुर जिले में हुए विशाल नुकसान को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर में 350 गांव प्रभावित, 1.5 लाख एकड़ जमीन बर्बाद और दीनानगर में लगभग 900 घर ढह गए।
अरुणा चौधरी ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित प्रति एकड़ 20,000 रुपये की मदद राशि को पर्याप्त नहीं बताया और मांग की कि इसे कम से कम 50,000 रुपये प्रति एकड़ किया जाए। उन्होंने अवैध रेत खनन और स्थायी तटबंधों की कमी पर भी चिंता जताई।
विधायक ने यह भी कहा कि बरसात के समय नदी पार करने वाले नौ गांवों के लिए स्थायी पुल का निर्माण अत्यावश्यक है। केंद्र सरकार ने इसके लिए पहले ही 100.48 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन चार साल बीत जाने के बावजूद पुल निर्माण अधूरा है।
अरुणा चौधरी ने सरकार से स्पष्ट नीति और त्वरित कार्यवाही की मांग की, ताकि बाढ़ पीड़ित किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।
