धान की पराली जलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, प्रशासन ने किसानों को चेताया
गुरदासपुर: धान की कटाई के बाद खेतों में पराली जलाने की प्रथा रोकने के लिए जिला प्रशासन ने किसानों के लिए सख्त सतर्कता अभियान चलाया। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर हरजिंदर सिंह बेदी और जिला कृषि अधिकारी डॉ. अमरीक सिंह ने गांव नानोवाल जिंदड़ में किसानों को चेतावनी दी कि अगर कोई किसान खेतों में पराली जलाता है तो अगले साल उसे पंचायत की जमीन ठेके पर नहीं मिलेगी।
अतिरिक्त डीसी बेदी ने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है और खेतों की उपजाऊ शक्ति घटती है। प्रशासन ने किसानों को बेलर और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, ताकि पराली को सुरक्षित तरीके से खेत से हटाया जा सके। साथ ही, राजस्व विभाग किसानों के आंकड़ों और दस्तावेजों पर भी निगरानी रखेगा, जिससे नियमों का पालन सुनिश्चित हो।
किसानों ने शिकायत की कि बेलर से बनाई गई पराली की गांठें समय पर नहीं उठतीं और लागत अधिक है। प्रशासन ने कहा कि सभी मुद्दों पर किसानों की मदद की जाएगी। मौके पर पूर्व एडीओ, सरपंच और गांव के गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
