रोहतक की बेटी मीनाक्षी हुड्डा ने जीता वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप गोल्ड पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- मीनाक्षी की जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल
रोहतक: हरियाणा की धरती ने एक बार फिर खेलों में इतिहास रच दिया है। जिले के रुड़की गांव की 23 वर्षीय मीनाक्षी हुड्डा ने इंग्लैंड के लिवरपूल में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। मीनाक्षी रोहतक जिले की पहली महिला खिलाड़ी हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।
48 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में मीनाक्षी ने कजाकिस्तान की नाजिम काइजेबे को 4-1 से हराकर बदला लिया। गौरतलब है कि नाजिम ने ही उन्हें वर्ल्ड कप फाइनल में 3-2 से हराया था। इस बार मीनाक्षी ने जीत दर्ज कर नया इतिहास बना दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मीनाक्षी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए X (ट्विटर) पर लिखा– “लिवरपूल में 2025 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में मीनाक्षी के शानदार प्रदर्शन पर मुझे गर्व है। उनकी सफलता और दृढ़ संकल्प भारतीय एथलीटों के लिए बेहद प्रेरणादायक है।”
मीनाक्षी की सफलता के पीछे उनकी संघर्षभरी कहानी है। उनके पिता कृष्णा किराए का ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे और समाज के ताने की वजह से बेटी को खेलों में भेजने से रोकते थे। लेकिन मां सुनीता ने चोरी-छिपे बेटी को अभ्यास के लिए भेजा। आज वही बेटी देश का नाम रोशन कर रही है और प्रधानमंत्री तक उनकी तारीफ कर रहे हैं।
मीनाक्षी हुड्डा के घर वापसी की खबर से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। लोग ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं।
