चंडीगढ़ में फिर बरसा संकट भारी बारिश से बढ़ा सुखना झील का जलस्तर, बापूधाम और किशनगढ़ के डूबने का खतरा
चंडीगढ़: लगातार हो रही बारिश ने चंडीगढ़ और आसपास के लोगों की चिंता फिर से बढ़ा दी है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और शहर में सुबह से जारी तेज़ बरसात के कारण सुखना झील का जलस्तर खतरनाक स्तर के करीब पहुंच गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने सोमवार को सुखना झील के फ्लड गेट खोल दिए।
सुखना लेक का सामान्य जलस्तर 1162 फीट रहता है, लेकिन खतरे का निशान पार करने पर गेट खोलने पड़ते हैं। गेट खुलते ही झील का पानी सेक्टर-26 से बापूधाम वाली सड़क और किशनगढ़ इलाके में फैल जाता है। यही वजह है कि इन इलाकों में डूबने का खतरा मंडराने लगा है।
पिछले कई दिनों से मौसम साफ था और लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन सोमवार की बारिश के बाद फिर से चिंता गहरा गई है। स्थानीय लोग डर जता रहे हैं कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो उनके घरों में दोबारा पानी भर सकता है।
