कैथल सड़क हादसा: हरियाणा रोडवेज बस से टकराई कार, 4 की दर्दनाक मौत — बठिंडा से कुरुक्षेत्र जा रहे थे श्रद्धालु क्योड़क गांव के पास भीषण टक्कर, गैस कटर से निकाले गए शव, कई घायल अस्पताल में भर्ती

0
Screenshot 2025-09-02 112350

कैथल : हरियाणा के कैथल जिले में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। क्योड़क गांव के पास बठिंडा से कुरुक्षेत्र जा रही कार हरियाणा रोडवेज की बस से भिड़ गई, जिसमें कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सभी पंजाब के बठिंडा जिले के रहने वाले थे और वे पिहोवा गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तेज टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।

सदर थाना पुलिस ने क्रेन और गैस कटर की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों को कैथल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में बैठे यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, क्योंकि यहां से तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर या ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था बनाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *