हरियाणा पुलिस में शामिल होंगे 783 नए सिपाही, 264 महिलाओं को मिली नौकरी गुरुग्राम आरटीसी में प्रशिक्षण पूरा, 28 जून को पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे भारत सरकार के गृह सचिव
हरियाणा डेस्क: हरियाणा पुलिस को 783 नए प्रशिक्षित सिपाहियों का स्वागत करने जा रही है। गुरुग्राम के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी), भौंडसी में इन सिपाहियों ने कठिन प्रशिक्षण पूरा किया है। इनमें 519 पुरुष और 264 महिला सिपाही शामिल हैं। 28 जून को आयोजित पासिंग आउट परेड में भारत सरकार के गृह सचिव गोविंद मोहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आरटीसी भौंडसी के महानिरीक्षक बी. सतीश बालन ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान सिपाहियों को कानून, ड्रिल, हथियार संचालन, आत्मरक्षा, फायर फाइटिंग, भीड़ प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा और प्राकृतिक आपदा प्रबंधन सहित स्मार्ट पुलिसिंग, कम्युनिटी पुलिसिंग, मानव अधिकार और लिंग संवेदनशीलता जैसे विषयों में विशेषज्ञता दी गई।
इन सिपाहियों के शामिल होने से हरियाणा पुलिस की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान सिपाहियों को आधुनिक पुलिसिंग तकनीक और जनता के साथ बेहतर तालमेल बनाने की जानकारी भी दी गई।
