Haryana News: हिसार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, हड़कंप मचा पत्नी से मारपीट की शिकायत पर पुलिस लाई थी थाने, सुबह हवालात में मिला मृत

0
Screenshot 2025-08-22 141557

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत ने सनसनी फैला दी है। घटना गांव मंगाली चौकी की है, जहां पुलिस ने शराब के नशे में झगड़ा करने के आरोप में एक व्यक्ति को रातभर हवालात में रखा था। सुबह पुलिसकर्मियों ने देखा तो वह मृत पड़ा था। मृतक की पहचान संजय कांटीवाल (48), निवासी गांव मंगाली झारा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, संजय की पत्नी ने रात को डायल 112 पर कॉल कर शिकायत दी थी कि उसका पति शराब पीकर मारपीट कर रहा है। इसके बाद पुलिस उसे पकड़कर चौकी ले आई और हवालात में बंद कर दिया। लेकिन सुबह वह मृत पाया गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से शराब का आदी था।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी शशांक कुमार सावन और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक के परिजन व ग्रामीण भी चौकी में एकत्र हो गए। हालांकि किसी ने पुलिस पर सीधा आरोप नहीं लगाया है, लेकिन परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

हिसार पुलिस प्रवक्ता विकास ने पुष्टि की है कि युवक की पुलिस चौकी में मौत हुई है और मामले की जांच जारी है। मृतक संजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *