Haryana: पंजाब बॉर्डर से सटे इलाके में पुलिस की बड़ी सख्ती, अब खिलाड़ी करेंगे नशे के खिलाफ जंग टोहाना में शुरू हुआ नया अभियान, नशा तस्करों की संपत्ति होगी जब्त, खिलाड़ियों संग पुलिस चलाएगी जागरूकता कार्यक्रम
टोहाना (फतेहाबाद): पंजाब से सटे हरियाणा के टोहाना इलाके में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि इस बार पुलिस ने स्थानीय खिलाड़ियों को भी इस मिशन से जोड़ने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि एडीजीपी हिसार और एसपी फतेहाबाद के निर्देश पर नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। सुबह के समय भी स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि हाल ही में वह मानव स्पोर्ट्स फाउंडेशन में खिलाड़ियों से मिले और उन्हें नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। अब इन खिलाड़ियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
संपत्ति जब्त और नशामुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी
थाना प्रभारी ने कहा कि नशा तस्करों को कड़ी सजा दिलाने के साथ उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जो लोग नशे की गिरफ्त में फंसे हैं, उन्हें पुलिस द्वारा नशामुक्ति केंद्र भेजा जाता है ताकि उनका सही इलाज हो सके और वे सामान्य जीवन जी सकें।
