Haryana Government का बड़ा तोहफा किसानों के लिए: फसली कर्ज पर अब पूरी तरह ब्याज मुक्त! ब्याज बढ़ोतरी का आदेश वापस, लाखों किसानों को मिलेगी आर्थिक राहत
हरियाणा डेस्क: हरियाणा सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। अब राज्य के किसानों से फसली कर्ज पर कोई ब्याज नहीं वसूला जाएगा। इस फैसले से उन लाखों किसानों को फायदा होगा जो बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि आवश्यकताओं के लिए ऋण लेते हैं।
हालांकि, 19 अप्रैल को हरियाणा कोऑपरेटिव बैंक मुख्यालय ने किसानों से फसली कर्ज पर 7% ब्याज वसूलने का आदेश जारी किया था। इस निर्णय का विरोध किसानों और विपक्षी दलों ने किया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे किसान विरोधी बताते हुए सरकार को घेरा और आदेश वापस लेने की मांग की।
इसके बाद राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से ब्याज वसूली आदेश वापस ले लिया। अब कोऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक ने सभी एमपैक्स और शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी किसान से फसली कर्ज पर ब्याज न वसूला जाए, और यदि पहले से वसूला गया हो तो उसे लौटाया जाए।
इस निर्णय से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद है, खासकर उन किसानों के लिए जो प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ती महंगाई का सामना कर रहे हैं।
