Haryana Election 2024: खेल के चैंपियंस का सियासी मैदान में दांव, पहलवानों से लेकर शूटर तक दंगल में
राजनीतिक अखाड़े में उतरे हरियाणा के इंटरनेशनल खिलाड़ी, जुलाना और महम सीट बनीं हॉटस्पॉट
चंडीगढ़: हरियाणा की पहचान उसके खिलाड़ियों और जवानों की बदौलत रही है। खेल के मैदान में नाम कमाने वाले इंटरनेशनल खिलाड़ी अब सियासी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में विभिन्न राजनीतिक दलों ने चार इंटरनेशनल खिलाड़ियों को अपनी पार्टियों का उम्मीदवार बनाया है। इनमें रेसलिंग, कबड्डी और शूटिंग के दिग्गज शामिल हैं, जिनकी चुनावी पिच पर एंट्री से मुकाबला रोमांचक हो गया है।
जुलाना सीट बनी चर्चा का केंद्र
जुलाना विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फोगाट को टिकट दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने WWE रेसलर कविता दलाल को मैदान में उतारा है। दो दिग्गज पहलवानों के बीच मुकाबला इस सीट को प्रदेश की सबसे हॉट सीटों में शामिल कर रहा है।
बीजेपी के दो खिलाड़ी भी मैदान में
भाजपा ने भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा को महम सीट से और अंतरराष्ट्रीय शूटर आरती राव को अटेली सीट से प्रत्याशी बनाया है। 30 वर्षीय दीपक हुड्डा और विनेश फोगाट, भाजपा और कांग्रेस के सबसे युवा उम्मीदवार हैं।
खिलाड़ियों का सियासी सफर: किस्मत और संघर्ष
हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए राजनीति की राह आसान नहीं रही है। 2019 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहलवान बबीता फोगाट, योगेश्वर दत्त, और हॉकी कप्तान संदीप सिंह को टिकट दिया था, लेकिन इनमें से सिर्फ संदीप सिंह ने जीत दर्ज की। बबीता और योगेश्वर को हार का सामना करना पड़ा था।
खिलाड़ियों का अतीत: कुछ चमके, कुछ सियासत से बाहर
- बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से मैदान में उतरकर अपनी जमानत गवाई।
- क्रिकेटर कृष्णमूर्ति हुड्डा ने शुरुआत में राजनीति में धमाकेदार प्रदर्शन किया, लेकिन धीरे-धीरे सियासी पिच से बाहर हो गए।
- पूर्व बॉक्सर और केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने पांच बार उचाना सीट से जीत हासिल की, लेकिन मुख्यमंत्री बनने का सपना अधूरा रह गया।
