हरियाणा चुनाव: भाई-बहन और चाचा-भतीजे के बीच होगी राजनीति की जबरदस्त भिड़ंत!
सत्ता के लिए जंग में कद्दावर नेता और परिवार के सदस्य आमने-सामने, चुनावी मुकाबला होगा दिलचस्प
चंडीगढ़ : हरियाणा में विधानसभा चुनावों की सरगर्मी तेज हो गई है और इस बार के चुनावी दंगल में कुछ रोचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। कई सीटों पर सत्ता के लिए नेता और उनके परिवारजन आमने-सामने आ गए हैं, जिनमें से कुछ परिवारों के बीच राजनीतिक विरासत की भी जंग होगी।
उचाना सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेताओं के बीच मुकाबला दिलचस्प होगा। यहां, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह चुनावी मैदान में हैं। दिलचस्प यह है कि दोनों नेता पहले बीजेपी की सरकार का हिस्सा रह चुके हैं और अब वे बीजेपी के खिलाफ चुनावी मुहिम चला रहे हैं।
सिरसा जिले की डबवाली सीट पर भी देवीलाल के परिवार के बीच भिड़ंत हो रही है। जेजेपी ने देवीलाल के पड़पोते दिग्विजय चौटाला को टिकट दिया है, जबकि इनेलो ने देवीलाल के पौते आदित्य देवीलाल को प्रत्याशी बनाया है। आदित्य ने टिकट न मिलने पर बीजेपी छोड़कर इनेलो जॉइन किया और अब बीजेपी की आलोचना कर रहे हैं।
तोशाम सीट पर भाई-बहन के बीच होगी राजनीति की प्रतिष्ठा की लड़ाई। यहां, पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के परिवार के दो सदस्य आमने-सामने हैं। बीजेपी ने बंसीलाल के बेटे सुरेंद्र सिंह की बेटी श्रुति चौधरी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने बंसीलाल के दूसरे बेटे रणबीर महेंद्र के बेटे अनिरुद्ध चौधरी को टिकट दिया है। यह सीट बंसीलाल की राजनीतिक विरासत को लेकर संघर्ष का केंद्र बन चुकी है।
