ग्रेटर नोएडा इमारत हादसा: शाहबेरी में 8 लोगों की मौत, 3 गिरफ्तार, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

0
Rescue workers look for survivors amidst the rubble at the site of a collapsed residential building at Shah Beri village in Greater Noida

ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी गांव में दो इमारतों के ढहने की घटना में आज रात तीन और शव मिलने के साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या आठ तक पहुंच गयी है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 18 अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और आईपीसी की अन्य धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है। हादसे की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया गया है।

बचाव टीम ने मलबे में दबी एक महिला समेत आठ लोगों के शवों को बाहर निकाला है। बचाव व राहत कार्य अभी भी जारी है। आशंका है कि अभी भी इमारत के मलबे में दर्जन भर लोग और दबे हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुये मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिये है।
  
उधर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) विभा चहल को पद से हटा दिया गया है। योगी ने इस मामले की जांच मंडलायुक्त मेरठ द्वारा किये जाने के निर्देश दिये है। इसके अलावा अवैध निर्माण करवाने वालों के खिलाफ एफआईआर कराकर दोषी लोगों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये है।

       
इससे पहले मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों इमारतों में दर्जनभर लोगों की फंसे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि रात से ही चल रहे बचाव और राहत कार्य में देर रात को दो लोगों के शवों को बाहर निकाला गया था, जबकि आज सुबह एक व्यक्ति के शव को बाहर निकाला गया है। उन्होंने बताया कि आज शाम छह बजे के करीब एक पुरुष और एक महिला के शव को बाहर निकाला गया। 
         
उन्होंने बताया कि देर रात एक महिला राजकुमारी (50) और 14 महीने की एक बालिका पंखुडी के शव बरामद किये गये। एक अन्य शख्स शिव त्रिवेदी का शव बरामद किया गया। इससे पूर्व मिली खबरों के अनुसार, दमकल अधिकारी ने बताया कि पांच शवों में से तीन की शिनाख्त हो पाई है। महिला का नाम प्रियंका है जबकि देर रात मिले दो शवों की पहचान रंजीत तथा शमशाद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रियंका के परिवार के तीन लोग अभी मलबे में फंसे हैं, जिसकी पुष्टि उनके परिजनों ने की है। 

गाजियाबाद से आयीं एनडीआरएफ की टीमें रात से ही बचाव कार्य में लगी है। एनडीआरएफ, जिला पुलिस तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। बचाव अभियान कल तक पूरा होने की उम्मीद है। मेरठ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम कुमार ने बताया कि बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी गांव में कल रात छह मंजिला एक निर्माणाधीन इमारत ढह गई। उसकी चपेट में आकर उससे सटी एक पांच मंजिला इमारत भी ढह गई। 

         
उन्होंने बताया कि करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। भूस्वामी गंगाशंकर द्विवेदी और दिनेश तथा संजय को गिरफ्तार कर लिया है।    आईजी ने बताया कि अवैध इमारत का निर्माण करने को लेकर 18 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है। सिंह ने बताया कि इस मामले की अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कुमार विनीत सिंह के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *