गुड न्यूजः भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में उत्तराखंड की फिल्म नीति बनी चर्चा का विषय
Bollywood Superstar, Shri Amitabh Bachchan arrives at the inaugural function of the 50th International Film Festival of India (IFFI-2019), in Panaji, Goa on November 20, 2019.
देहरादूनः 50वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का गोवा में शुभारम्भ हुआ। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में देश के सभी राज्य ने प्रतिभाग किया। इस आयोजन में उत्तराखण्ड द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। आयोजन में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के निर्देश पर राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस समारोह में शिरकत की। इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार डाॅ. के.एस. पांवर द्वारा किया गया। प्रतिनिधि मंडल में सूचना महानिदेशक डाॅ. मेहरबान सिंह बिष्ट सहित कई फिल्मी हस्तियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड राज्य फिल्मों की शूटिंग की दिशा में देश का प्रमुख केन्द्र बन रहा है। फिल्म महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए सूचना महानिदेशक डाॅ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार के आयोजन में विशेष सत्र रखा गया है, जिसमें पूरे देश से केवल उत्तराखण्ड और मध्य प्रदेश को स्थान दिया गया है। इस सत्र में उत्तराखण्ड राज्य द्वारा लागू की गई फिल्म नीति और फिल्मों की शूटिंग को सरल बनाने के लिए अपनायी गई प्रक्रिया के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया गया।
गौरतलब है कि भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शुभारंभ सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री डाॅ. प्रमोद सावंत, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन, रजनीकांत एवं विभिन्न राज्यों से आये हुए प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता अभिनेता रजनीकांत को आइकोन आॅफ द गोल्डन जुबली अवार्ड से नवाजा गया।
