पंजाब के लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब मिलेगा 15 किलो मुफ्त गेहूं ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के तहत 31 जनवरी तक फ्री राशन, कालाबाजारी पर सख्त नजर
लुधियाना डेस्क: पंजाब के 4,66,162 राशन कार्ड धारकों और 17 लाख से अधिक सदस्यों के लिए राहत भरी खबर है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के तहत लुधियाना के 1,850 से अधिक राशन डिपो पर मुफ्त गेहूं वितरण शुरू कर दिया है। योजना के तहत हर सदस्य को प्रति माह 5 किलो गेहूं, यानी तीन महीने में 15 किलो मुफ्त अनाज मिलेगा।
किन्हें मिलेगा फ्री राशन?
✅ सभी पात्र राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गेहूं
✅ वे परिवार भी शामिल जिनकी E-KYC नहीं हुई
✅ राशन कार्ड से हटाए गए नामों को भी लाभ मिलने की उम्मीद
31 जनवरी तक मिलेगा फ्री राशन
सरकार ने नवंबर 2024 से जनवरी 2025 तक तीन महीने के लिए फ्री राशन देने का फैसला किया है। इसके चलते गरीब परिवारों को राहत मिलेगी और आटे की बढ़ती कीमतों पर भी कुछ हद तक नियंत्रण आने की संभावना है।
कालाबाजारी को लेकर बढ़ी चिंताएं
हालांकि, योजना के तहत अनाज वितरण में भ्रष्टाचार और कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है। कुछ डिपो होल्डर्स और विभागीय अधिकारियों पर राशन कार्ड धारकों को गुमराह कर अनाज हड़पने के आरोप भी लगे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि सख्त निगरानी रखी जाए ताकि जरूरतमंदों तक पूरा अनाज पहुंचे।
बाजार में गेहूं की कीमतों में आएगी गिरावट
मुफ्त अनाज वितरण से बाजार में गेहूं और आटे की मांग में गिरावट आने की उम्मीद है। फिलहाल 10 किलो आटे का थैला ₹450 के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनता को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
