हल्द्वानी में फर्जी गोल्ड लोन गैंग का भंडाफोड़

0
500248888_1244482411019849_1507702813155108198_n

नैनीताल। जनपद नैनीताल में लंबे समय से फर्जी गोल्ड लोन गिरवी के जरिए बैंकों को चूना लगाने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने इस गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क से की गई। इनके पास से 111 ग्राम वजनी नकली सोने की चूड़ियां बरामद हुई हैं जिन पर नकली होलोग्राम अंकित था।

साल 2024-2025 के दौरान हल्द्वानी,बनभूलपुरा और मुखानी थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक में कुछ व्यक्तियों द्वारा गिरवी रखे गए आभूषणों के आधार पर गोल्ड लोन प्राप्त किए गए थे। लेकिन जब बैंकों द्वारा आंतरिक ऑडिट करवाई गई, तो सामने आया कि गिरवी रखे गए गहने पूरी तरह नकली थे। इस खुलासे के बाद संबंधित बैंकों ने तीनों थानों में मुकदमे दर्ज कराए। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने नगर पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र और क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक नितिन लोहनी को निर्देशित किया कि वे थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ मिलकर इस संगठित अपराध का भंडाफोड़ करें।

मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क से दो संदिग्ध व्यक्तियो अभिषेक सिंह नेगी और पवन सिंह फर्सवाण को दबोच लिया। इनकी तलाशी के दौरान पुलिस को 06 अदद नकली सोने की चूड़ियां मिलीं, जिनका कुल वजन लगभग 111 ग्राम था। इन पर नकली होलोग्राम भी लगाया गया था ताकि वे असली प्रतीत हों।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि इनका एक संगठित गिरोह है, जिसमें दिल्ली और अल्मोड़ा के लोग शामिल हैं। नकली सोना ये लोग दिल्ली से बेहद कम दाम पर मंगवाते हैं और फिर उस पर फर्जी हॉलमार्क लगवाते हैं। इस तरह तैयार किए गए नकली सोने को बैंकों में गिरवी रखकर वे गोल्ड लोन ले लेते हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के एक सदस्य अखिलेश सिंह नेगी ने विभिन्न बैंकों से करीब 60-70 लाख रुपये के प्रॉपर्टी, व्हीकल और गोल्ड लोन ले रखे हैं, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *