जम्मू-कश्मीर: कुलगाम मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
दरअसल, खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के वानपोरा इलाके में आतंकी छिपे हैं। जिसके बाद भारतीय सेना, एसओजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके को घेर लिया था।
सुरक्षाबलों ने आतंकियों से सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। फिलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रखा है।
इससे पहले गुरुवार को दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के काफिले पर जैश-ए-मोहम्मद व हिजबुल मुजाहिदीन की फिदायीन हमले की साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। राजपोरा इलाके के आयगुंड में 45 किलो आईईडी से लदी सेंट्रो कार को इंटरसेप्ट कर उसे निष्क्रिय कर दिया।
आतंकियों ने कार पर फर्जी नंबर प्लेट रखी थी। यह नंबर प्लेट कठुआ जिले में बीएसएफ के एक जवान के नाम की मोटरसाइकिल की थी। हालांकि, आतंकी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकलने में सफल रहे। पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजी विजय कुमार ने बताया कि पिछले कई दिनों से इनपुट मिल रहे थे कि आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने कार में आईईडी लगाकर आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची है। इसी को लेकर बुधवार शाम को पुलवामा पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने नाका लगाया था।
इस दौरान कार सवार आतंकी नाके के पास पहुंचे, जिसे सुरक्षाबलों ने रुकने का इशारा किया। इस दौरान कार में सवार आतंकियों ने भगाने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी फरार हो गए। वीरवार सुबह गाड़ी को इंटरसेप्ट किए जाने के बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस की टीम द्वारा तकनीकी रूप से निष्क्रिय बनाया गया।
