सड़क सुरक्षा का उल्लंघन: दुष्यंत चौटाला पर हेलमेट ना पहनने पर 2000 रुपये का जुर्माना
फरीदाबाद: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला पर फरीदाबाद में रोड शो के दौरान हेलमेट न पहनने पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बताया कि चौटाला बाइक चला रहे थे और यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
दुष्यंत चौटाला जिस बाइक पर सवार थे, वह रियासत अली के नाम पर रजिस्टर है। पुलिस ने रोड शो के दौरान 14 अन्य बाइक चालकों का भी चालान किया और बाइकें जब्त कीं। पुलिस के मुताबिक, लगभग 100 जेजेपी कार्यकर्ता बिना हेलमेट के बाइक चला रहे थे, और पुलिस अब उनके नंबर प्लेट की पहचान कर जुर्माना भेजने की योजना बना रही है।
चौटाला ने इस घटना के बाद कहा कि जेजेपी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का चयन जल्द ही कर लेगी और विश्वासघात करने वालों के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं होगा। वहीं, जेजेपी और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन की घोषणा भी की गई है, जिसमें जेजेपी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और आजाद समाज पार्टी 20 सीटों पर।
