ढिल्लों ब्रदर्स केस में नया मोड़! आर्मी जवान के खुलासे से बदला पूरा मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई, पुलिस जांच पर उठे सवाल
जालंधर: ढिल्लों ब्रदर्स मौत मामले में बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। इस केस में थाना 1 में मौजूद रहे आर्मी के नायक करजिंदर सिंह ने मीडिया के सामने आकर चौंकाने वाला बयान दिया है। करजिंदर सिंह का कहना है कि 14 अगस्त 2023 को मानवजीत ढिल्लों ने थाने में जमकर हंगामा किया और 16 अगस्त को जब वह दोबारा थाने पहुंचा तो स्थिति और बिगड़ गई।
करजिंदर सिंह के मुताबिक, उस दिन थाने में तैनात तत्कालीन एसएचओ नवदीप सिंह ने किसी भी तरह से अपने पद का गलत इस्तेमाल नहीं किया। इसके बावजूद ढिल्लों ब्रदर्स पक्ष की ओर से उस पर दबाव बनाया गया कि वह नवदीप सिंह के खिलाफ बयान दे।
क्या है जवान का दावा?
🔴 थाने में विवाद: 14 अगस्त को थाने में हंगामा हुआ, एसएचओ मौजूद नहीं थे।
🔴 16 अगस्त को फिर बवाल: मानवजीत ढिल्लों ने डीजीपी और गोल्फ क्लब की प्रधानगी का रौब दिखाया।
🔴 ढिल्लों ब्रदर्स पक्ष का दबाव: जवान पर नवदीप सिंह के खिलाफ बयान देने के लिए दबाव डाला गया।
🔴 मोबाइल कॉल डिटेल की मांग: जवान ने कहा कि कॉल डिटेल से सच सामने आ सकता है।
करजिंदर सिंह ने यह भी कहा कि वह न किसी के पक्ष में है और न ही किसी के खिलाफ, बल्कि सिर्फ सच्चाई उजागर कर रहा है। उन्होंने पुलिस से अपील की है कि उनकी कॉल डिटेल की जांच की जाए, जिससे यह साफ हो सके कि किन लोगों ने उन पर दबाव बनाने की कोशिश की।
