पेपर लीक की लपटों में घिरी धामी सरकार, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन
मसूरी। मसूरी के शहीद भगत सिंह चौक पर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस गूंजते नारे के साथ प्रदर्शनकारियों ने सरकार की निष्क्रियता पर सवाल खड़े किए और सीधा आरोप लगाया कि सरकार की नाक के नीचे करोड़ों में नौकरियां बिक रही हैं, और जवाबदेही का नामोनिशान नहीं है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जगपाल गुसाई ने सरकार से मांग की परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए, यूकेएसएसएससी अध्यक्ष से इस्तीफा लिया जाए, सरकार की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों को सख्त सज़ा मिले। जगपाल गुसाईं ने कहा कि पेपर लीक होना महज संयोग नहीं, बल्कि सरकार की सुनियोजित मिलीभगत है। 11 बजे परीक्षा शुरू होती है और 11ः30 बजे पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो जाता है ये कैसे संभव है? जब तक पूरी सरकार लिप्त न हो, ऐसा नहीं हो सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ़्तार हाकम सिंह के गुर्गे 15-15 लाख में पेपर बेच रहे थे, और सरकार सिर्फ तमाशा देख रही है। गुसाईं ने चेतावनी दी है अब वक्त आ गया है कि युवा सड़कों पर उतरें। अगर सरकार नहीं जागी, तो नेपाल जैसा जनआंदोलन उत्तराखंड में होगा। हम सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार युवाओं को सिर्फ जुमले दे रही है, जबकि हकीकत में सरकारी नौकरियां बिक रही हैं, और नकल विरोधी कानून सिर्फ एक दिखावा बनकर रह गया है।
