दिल्ली में आज से अनलॉक 3, जानें- क्या खुलेगा, क्या नहीं?
वैश्विक महामारी कोरोना के मोर्चे पर देशवासियों के लिए अच्छी खबर है। देश में कोरोना की लहर लगातार कम होती जा रही है। हालांकि कोरोना की वजह से हो रही मौत अब भी चिंता का विषय है। इस बीच देश में कोरोना की वजह से बेपटरी हो चुकी अर्थव्यवस्था और जन-जीवन को पटरी पर लाने की कवायद जोरों पर है। धीरे-धीरे कोरोना लॉकडाउन में राहत दी जा रही है। इसी कड़ी में दिल्ली में आज से अनलॉक 3 की तहत कुछ राहत दी गई है।
आज से क्या-क्या खुलेगा
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आदेश के अनुसार सार्वजनिक परिवहन जैसे ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी, कैब, ग्रामीण सेवा और फटफट सेवा के अंदर चालकों को दो सवारियों के साथ परिचालन की अनुमति मिली है। जबकि मैक्सी कैब में पांच सवारियों को और आरटीवी बस में 11 सवारियों को बिठाने की इजाजत दी गई है। सार्वजनिक वाहन में सफर के दौरान एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए ई-पास और पहचान पत्र की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लोग आसानी से गंतव्य स्थल जा सकेंगे। दिल्ली मेट्रो ओर डीटीसी व क्लस्टर की बस में 50 फीसदी क्षमता के साथ यात्रियों को सफर की अनुमति पहले की तरह जारी रहेगी। सफर के दौरान खड़े होकर यात्रा करने पर रोक रहेगी। यात्रा के समय सामाजिक दूरी का पालन और चेहरे पर मास्क का लगाना अनिवार्य है।
– सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग इंस्टीट्यूट बंद रहेंगे।
– सामाजिक, राजनीतिक, खेल-कूद, मनोरंजन, अकैडमिक, सांस्कृतिक और धार्मिक समारोह जैसे कार्यक्रमों की भी अनुमति नहीं है।
– स्विमिंग पूल, स्टेडियम, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सिनेमा-थिएटर, मल्टीप्लेक्स, एंटरटेनमेंट पार्क, एम्यूजमेंट पार्क, वॉटर पार्क, बैंक्विट हॉल, ऑडिटोरियम, असेंबली हॉल, बिजनेस टू बिजनेस एग्जीबिशन, स्पा, जिम, योगा सेंटर, पब्लिक पार्क व गार्डन बंद रहेंगे।
