ओलंपिक और पैरालंपिक विजेताओं के लिए दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, नकद इनाम दोगुना, मेधावी छात्रों को मिलेंगे फ्री लैपटॉप
नई दिल्ली — ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं के लिए राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने इन खिलाड़ियों के नकद पुरस्कार में बड़े स्तर पर बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही मेधावी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप देने की भी घोषणा की गई है।
कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले
मंगलवार, 22 जुलाई को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसले लिए गए। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में दिल्ली के विकास, युवाओं और छात्रों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।”
खिलाड़ियों को अब मिलेगा दोगुना इनाम
आशीष सूद ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत अब ओलंपिक और पैरालंपिक पदक विजेताओं को निम्नलिखित पुरस्कार राशि दी जाएगी:
-
गोल्ड मेडल: ₹7 करोड़ (पहले ₹3 करोड़)
-
सिल्वर मेडल: ₹5 करोड़ (पहले ₹2 करोड़)
-
ब्रॉन्ज मेडल: ₹3 करोड़ (पहले ₹1 करोड़)
नौकरी का भी तोहफा
खिलाड़ियों को केवल नकद इनाम ही नहीं, बल्कि सरकारी नौकरी भी दी जाएगी:
-
गोल्ड और सिल्वर मेडल विजेताओं को ग्रुप ‘A’ की नौकरियां
-
ब्रॉन्ज मेडल विजेताओं को ग्रुप ‘B’ की नौकरियां
छात्रों के लिए डिजिटल योजना
इसके अलावा, मुख्यमंत्री डिजिटल योजना के तहत 1,200 मेधावी छात्रों को मुफ्त लैपटॉप दिए जाएंगे। मंत्री सूद ने कहा कि यह योजना विशेष रूप से उन छात्रों के लिए है जिन्होंने कक्षा 10वीं अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण की है और जिनकी सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि कमजोर है।
उन्होंने कहा, “इस योजना का उद्देश्य छात्रों के समग्र डिजिटल विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकें।”
खेल और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम
दिल्ली सरकार के इन फैसलों को खेल और शिक्षा क्षेत्र में नीतिगत सुधारों की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल खिलाड़ियों को सम्मान मिलेगा, बल्कि मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को भी तकनीकी रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी।
सरकार का कहना है कि यह पहल दिल्ली को एक खेल और शिक्षा हब के रूप में विकसित करने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करेगी।
