कोरोना वायरस:- भारत में 65 लाख से ज्यादा मरीज ठीक
भारत में कोरोना वायरस की रफ्तार अभी थमती नजर नहीं रही है, जिसकी वजह अब तक करीब 1 लाख 13 हजार लोगों को जान गंवानी पड़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक करीब 65 लाख से अधिक मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं, जिसके साथ ही कोरोना से ठीक होने वालों की दर 88 प्रतिशत हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना के 74 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 65 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि अब तक कुल 1,13000 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत ने अपनी कोरोना टेस्टिंग की क्षमता को जनवरी में एक से बढ़ाकर वर्तमान में 9.32 करोड़ से अधिक कर दिया है। हाई टेस्टिंग की वजह से पॉजिटिविटी रेट में लगातार गिरावट आई है। इस समय पॉजिटिविटी रेट 8% से नीचे आ गया है। महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार पहले से कम तो हुई है लेकिन अभी भी हालात चिंताजनक हैं। देश में सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 10 हजार से ज्यादा केस सामने आए हैं। वहीं, 24 घंटे में कोरोना से करीब 250 लोगों की जान गई है. सूबे में एक लाख 85 हजार से ज्यादा एक्टिव केस हैं, जबकि एक दिन में 14 हजार से ज्यादा मरीजों ने संक्रमण को मात दी है।
वहीं, देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना की रफ्तार अब कम जरूर हुई है लेकिन अभी भी खतरा बरकरार है, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 3 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिले हैं। अगर दिल्ली में कोरोना के कुल एक्टिव केस की बात की जाए तो राजधानी में अब 22 हजार 814 एक्टिव केस हैं। बिहार में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 990 हो गई है। वहीं राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,03,060 हो गई है. बिहार में अबतक कुल 90.15 लाख नमूनों की जांच की गई है. जिनमें संक्रमित पाए गए 1,91,515 मरीज ठीक हुए हैं. बिहार में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर 94.31 प्रतिशत है।
