देश में 24 घंटों में कोरोना के आए 21,880 नए केस, 1.49 लाख सक्रिय मरीज
वैश्विक महामारी कोरोना के मोर्चो पर देश के लिए आज भी चिंता की खबर आई है। देश में आज एक बार फिर कोरोना के 21 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। बीते 24 घंटों में देश कोरोना के 21,880 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 60 लोगों की मौत हुई। इससे पहले गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 21,566 नए मामले दर्ज किए गए थे जबकि 45 लोगों की मौत हुई। वहीं कल के मुकाबले आज नए संक्रमित मरीजों की संख्या 314 ज्यादा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 21,880 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 60 लोगों की मौत हुई। वहीं पिछले 24 घंटे में देशभर में 21,219 लोग ठीक हुए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 1 लाख 49 हजार 882 हो गई है। साथ ही देश में नए संक्रमित मरीजों की संख्या में कल के मुकाबले में आज 601 की तेजी आई है।
India records 21,880 new Covid19 cases and 60 deaths in the last 24 hours; Active cases at 1,49,482 pic.twitter.com/HCE6x3uNiW
— ANI (@ANI) July 22, 2022
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,38,47,065 हो गई है। इनमें से 5,25,930 मरीजों की मौत हुई है। जबकि 4,31,71,653 लोग कोरोना के संक्रमण को मात देने में सफल रहे हैं। देश की रिकवरी रेट 98.46 प्रतिशत है। जबकि मृत्यु दर 1.2 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 4,95,359 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 87.17 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
