देश के अलग-अलग राज्‍यों के लिए रवाना हुई कोरोना वैक्‍सीन

baed22e4-45c7-4530-b012-8b7e17b09e9e

महाराष्‍ट्र में पुणे स्‍थित सीरम इंस्टीट्यूट से देश के अलग-अलग राज्‍यों के लिए रवाना हुई कोरोना वैक्‍सीन की खेप दिल्‍ली और गुजरात पहुंच चुकी है। जिस समय वैक्‍सीन गुजरात के अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची, उस समय वहां पर डिप्टी सीएम नितिन पटेल भी मौजूद थे।

इसके साथ ही COVID19 वैक्सीन ‘कोविशिल्ड’ की पहली खेप दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पहली खेप में 50 हजार शीशी भेजी गई हैं। एयरपोर्ट से वैक्‍सीन को उचित जगह पर ले जाने के लिए दिल्‍ली पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया है। इसके साथ ही यहां से ही करनाल के लिए भी वैक्‍सीन भेजी जाएगी।

कोविद वैक्सीन की खेप आने पर DIAL CEO ने कहा, ” तापमान-नियंत्रित सुविधा हमारे दो कार्गो टर्मिनलों पर -20 डिग्री सेल्सियस से लेकर +25 डिग्री सेल्सियस तक, जोकि कोविड-19 टीकों को कुशलतापूर्वक और सुरक्षित रूप से संभाल सकती है। दोनों टर्मिनल एक दिन में लगभग 5.7 मिलियन शीशियों को संभालने की क्षमता है।”

अतिरिक्त निदेशक परिवार कल्याण, गुजरात सरकार के डॉक्‍टर पटेल ने कहा, ”अहमदाबाद पहुंची COVID19 वैक्सीन की पहली खेप में 2.76 लाख खुराक हैं, जो अहमदाबाद, गांधीनगर और भावनगर क्षेत्रों को दी जाएगी। टीकाकरण 16 जनवरी से 287 सत्र साइटों पर शुरू होगा।”

इससे पहले केंद्रीय एविएशन मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि आज एयर इंडिया, स्पाइसजेट और इंडिगो एयरलाइंस 56.5 लाख डोज के साथ पुणे से दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, गुवाहाटी, शिलांग, अहमदाबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, भुवनेश्वर, पटना, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ के लिए 9 उड़ानें संचालित करेंगी।