कोरोना विस्फोटः उत्तराखंड में एक ही दिन में 91 कोरोना पाॅजिटिव मरीज, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को एक ही दिन में 91 कोरोना मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब राज्य में कुल मरीजों की संख्या 244 हो गई है। वहीं अब राज्य कोई भी जिला कोरोना संक्रमण से अछूता नहीं रह गया है। एक साथ 91 कोरोना पाॅजिटिव मरीज सामने आने से प्रदेश में कोरोना विस्फोट हो गया है।
उधर अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने भी प्रदेश में 91 नए कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि की है। वहीं आज एम्स ऋषिकेश में हुई एक कोरोना मरीज की मौत के बारे में स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि उसकी मौत कोरोना से नहीं हुई है। यह पहली बार है जब राज्य में एक साथ 91 केस सामने आए हैं। इन मामलों के आने के बाद अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 244 हो गई है। प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार जल्द कोई बडा फैसला कर सकती है।
