कोरोना संकटः दून नगर निगम ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 50 लाख रूपये दिए
देहरादून। कोरोना वायरस कोविड-19 से निपटने और मेडिकल व्यवस्था दुरस्त करने के लिए देहरादून नगर निगम ने 50 लाख रूपये मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए। जिसमें 40 लाख रुपए का चेक नगर निगम बोर्ड फंड से एवं 11लाख रुपए का चेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन से मुख्यमंत्री राहत कोष दिया गया।
यह चेक मेयर सुनील उनियाल गामा ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र को सौंपा। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल ने कहा कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दून नगर निगम द्वारा भी शहर में कोरोना संकट से निपटने के लिए हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस मौके नगर आयुक्त देहरादून विनय शंकर पांडे भी मौजूद थे।
भारतीय सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी ने 10 लाख रूपये दिए
भारतीय सेंसर बोर्ड के चेयरमैन एवं भारतीय सिनेमा के गीतकार प्रसून जोशी ने भी कोविड-19 के दृष्टिगत मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु 10 लाख रुपए दिए हैं। गीतकार प्रसून जोशी की पहल को प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सराहनीय प्रयास बताया।
