हरियाणा विधानसभा में खुला Coffee Day कैफे! विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण बने पहले ग्राहक कर्मचारियों को अब मिलेगी चाय-कॉफी और स्नैक्स की सुविधा, कैफे में शेक से लेकर सैंडविच तक सब कुछ मिलेगा
चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा में अब चाय-कॉफी और स्वादिष्ट स्नैक्स की खुशबू फैलने लगी है। लंबे इंतजार के बाद ‘कॉफी डे’ कैफे का उद्घाटन मंगलवार को हुआ, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण पहले ग्राहक बने। उन्होंने कैफे का उद्घाटन कर ‘बनाना-बाइट चिप्स’ खरीदकर शुभ शुरुआत की और कैफे स्टाफ का मनोबल बढ़ाया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कैफे के संचालन को सराहा और कहा कि कर्मचारियों को अब उचित दामों पर बेहतर गुणवत्ता वाला नाश्ता और कॉफी मिल सकेगी। उद्घाटन के बाद कर्मचारियों की भीड़ कैफे में उमड़ पड़ी, और खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया।
कैफे संचालक अभिनव मिश्रा ने जानकारी दी कि कैफे में कैपेचिनो, एस्प्रेसो, कोल्ड कॉफी, फ्रूट शेक, सैंडविच समेत कई स्वादिष्ट चीजें मिलेंगी। उद्घाटन के बाद हरविन्द्र कल्याण ने विधानसभा परिसर के विभिन्न कार्यालयों का दौरा भी किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
