CBSE का सख्त फरमान: 75% से कम उपस्थिति वाले छात्र नहीं दे सकेंगे बोर्ड परीक्षा परीक्षा से पहले स्कूल से गायब रहने वाले छात्रों पर CBSE का कड़ा रुख, स्कूल प्रबंधन को भी अलर्ट जारी।
पंजाब: सीबीएसई बोर्ड ने 2025 की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक, परीक्षाएं 15 फरवरी 2025 से शुरू होने की संभावना है। बोर्ड ने छात्रों और स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी है कि 75% से कम उपस्थिति वाले छात्रों को बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आमतौर पर देखा गया है कि कई छात्र परीक्षा से पहले स्कूल जाना छोड़ देते हैं और घर पर ही पढ़ाई करना पसंद करते हैं। लेकिन अब बोर्ड ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि छात्रों की उपस्थिति न्यूनतम मानक पर नहीं पहुंचती है, तो संबंधित छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
छूट की व्यवस्था:
हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में छात्रों को छूट दी जाएगी। मेडिकल इमरजेंसी, राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी, या अन्य गंभीर परिस्थितियों में छात्रों को 25% तक की उपस्थिति में छूट मिल सकती है, लेकिन इसके लिए प्रमाणित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
स्कूल प्रबंधन पर भी सख्ती:
यदि किसी स्कूल में उपस्थिति के नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो बोर्ड ने उस स्कूल की मान्यता रद्द करने का भी प्रावधान रखा है।
अलर्ट जारी:
बोर्ड ने नवंबर से पहले ही यह गाइडलाइन जारी कर छात्रों और स्कूल प्रशासन को चेतावनी दी है कि प्री-बोर्ड और प्रैक्टिकल परीक्षाओं में शामिल होना ही पर्याप्त नहीं होगा। छात्रों को नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।
