उन्नाव रेप कांड: सीबीआई ने माखी के पूर्व थानेदार और एसआई को किया गिरफ्तार

0
CBI_Central_Bureau_investigation_CBI

बहुचर्चित रेप प्रकरण और पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में सीबीआई ने बुधवार को माखी थाने के पूर्व थानेदार अशोक सिंह भदौरिया और बीट दरोगा कांता प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई जांच शुरू होने के बाद इन दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। गुरुवार को दोनों आरोपियों को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पीड़ित परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि 4 जून 2017 को रेप प्रकरण को माखी थाने की पुलिस ने साजिशन दबा दिया था। 3 अप्रैल को कचहरी से पेशी से लौटे पीड़िता के पिता की भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भाई अतुल ने साथियों संग मिलकर पिटाई की थी। 9 अप्रैल को तड़के पीड़िता के पिता की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस प्रकरण में थानेदार अशोक और बीट दरोगा कांता की ओर से पीड़िता के पिता के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट लिखा कर जेल भेज दिया गया था। मामले की जांच कर रही सीबीआई ने पीड़िता के पिता पर रिपोर्ट दर्ज कराने वाले उसके चचेरे भाई टिंकू सिंह को गिरफ्तार किया तो हकीकत सामने आ गई। इस मामले में दोनों पुलिसकर्मी निलंबित किए जा चुके हैं।

एसपी पर भी लगे थे आरोप
रेप पीड़िता के पिता ने सीबीआई के सामने आरोप लगाये थे कि उन्नाव की तत्कालीन एसपी ने भी उनकी कोई मदद नहीं की। उन्हें विधायक व उनके भाई की ऑडियो रिकार्डिंग तक सुनायी गई लेकिन किसी भी सुबूत को उन्होंने गम्भीरता से नहीं लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *