Canada में खालिस्तानी आतंकी अर्श डल्ला को जमानत, भारत की उम्मीदों को झटका
पंजाब डेस्क: हाल ही में कनाडा के मिल्टन शहर में हुए शूटआउट मामले में गिरफ्तार खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला को कनाडा पुलिस ने बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी है। अर्श डल्ला ने 30,000 कनाडाई डॉलर (लगभग 18.11 लाख रुपए) की राशि जमा कर जमानत पाई। मामले की अगली सुनवाई अब 24 फरवरी 2025 को होगी।
शूटआउट में लगी थी गोली, पुलिस ने किया था गिरफ्तार
28 अक्टूबर को कनाडा के मिल्टन शहर में हुई गोलीबारी में अर्श डल्ला घायल हो गया था। इस दौरान उसके हाथ पर गोली लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने 29 अक्टूबर को गिरफ्तारी की पुष्टि की, लेकिन आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए। बाद में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार व्यक्ति अर्श डल्ला और उसका साथी थे।
भारत की प्रत्यर्पण उम्मीदों को झटका
भारत सरकार अर्श डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए लंबे समय से प्रयासरत है। डल्ला के खिलाफ भारत में 70 से ज्यादा FIR दर्ज हैं, और उसे आधिकारिक तौर पर आतंकी घोषित किया गया है। लेकिन कनाडा की अदालत द्वारा उसे जमानत मिलने के बाद भारत की प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर असर पड़ा है।
डिप्लोमैटिक बातचीत की राह में रुकावट
भारत और कनाडा के बीच हालिया डिप्लोमैटिक संबंधों में तनाव के कारण इस केस से संबंधित जानकारी साझा नहीं की गई। भारत की ओर से अर्श डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन कनाडा सरकार द्वारा उसे जमानत मिलने के बाद यह प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।
