बिहार के मतदाताओं के नाम सोनिया गांधी का संदेश, बोलीं- नए बिहार के लिए हों एकजुट
बिहार में विधान सभा चुनाव के तहत कल पहले चरण की वोटिंग होनी है। इस वोटिंग से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीडियो संदेश जारी किया है। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने बिहार की नीतीश कुमार की सरकार के साथ-साथ केंद्र की मोदी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सत्ता और उसके अहंकार में डूबी है। सरकार की न अच्छी करनी है और कथनी। मजदूर मजबूर हो चुके हैं। किसान परेशान हैं। नौजवान निराश हैं। अर्थव्यवस्था की खराब हालत लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है।
सोनिया गांधी के इस वीडियो संदेश को राहुल गांधी ने ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘बदलाव की बयार है। कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी का बिहार की जनता के नाम संदेश आपसे साझा कर रहा हूं। नए बिहार के लिए एकजुट होकर महागठबंधन को जिताने का समय आ गया है।’ वीडियो संदेश में सोनिया ने नीतीश और मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्हें बंदी सरकारें करार दिया है। साथ ही उनका कहना है कि नए बिहार के निर्माण के लिए जनता तैयार है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बिहार चुनाव में महागठबंधन को जिताने की अपील की है। सोनिया ने करीब पांच मिनट का वीडियो जारी कर कहा है कि ‘सत्ता के अहंकार में वर्तमान बिहार सरकार अपने रास्ते से भटक गई है। उनकी करनी और कथनी में भारी अंतर है। मजदूर असहाय हैं, किसान चिंतित हैं और युवा निराश हैं। जनता कांग्रेस के महागठबंधन के साथ है और यह बिहार का आह्वान है।’
सोनिया गांधी ने आगे कहा कि दिल्ली-बिहार में बंदी सरकारें हैं, नोटबंदी-तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिकबंदी, खेत खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसलिए ऐसी बंदी सरकार के खिलाफ बिहार की जनता तैयार है और अब बदलाव की बयार है। उन्होंने आगे कहा कि ‘बिहार की जनता की आवाज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है। यही है आज बिहार की पुकार। दिल्ली और बिहार की सरकारें, ‘बंदी सरकारें’ हैं – नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिकबंदी, खेत-खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसीलिए, बंदी सरकार के खिलाफ – अगली नस्ल और अगली फसल के लिए, एक नए बिहार के निर्माण के लिए, बिहार की जनता तैयार है। अब बदलाव की बयार है। क्योंकि बदलाव जोश है, ऊर्जा है, नई सोच है और शक्ति है। अब नई इबारत लिखने का समय आ गया है।’
साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘बिहार के हाथों में गुण है, हुनर है, ताकत है, निर्माण की शक्ति है, लेकिन बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, भुखमरी ने उनकी आंखों में आंसू और पैरों में छाले दे दिए हैं। जो शब्द कहे नहीं जा सकते, उसे आंसुओं से कहना पड़ता है। भय, डर, खौफ, अपराध के आधार पर नीति और सरकारें खड़ी नहीं की जा सकतीं।’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘बिहार भारत का आईना है, एक आशा है। भारत का विश्वास है, जोश है, जुनून है। बिहार भारत की शान भी है और अभिमान भी। बिहार के किसान, युवा, मजदूर, भाई और बहनें सिर्फ बिहार में नही बल्कि पूरे भारत और दुनिया के कोने कोने में हैं। आज वही बिहार अपने गांव, कस्बे, शहरों, खेतों और खलिहानों में अपनी शान और भविष्य के लिए नए बदलाव को तैयार है। इसीलिए तो मैंने कहा कि बदलाव की बयार है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘वोट की स्याही वाली उंगली अब सवाल लेकर खड़ी है। सवाल बेरोजगारी का है। सवाल खेती बचाने का है। सवाल रोटी और रोजगार का है। सवाल शिक्षा और सेहत का है। सवाल उद्योग-धंधे का है। सवाल बेलगाम अपराध पर रोक लगाने का है। सवाल तानाशाही शासन पर है। इसलिये आज वक्त है – अंधेरे से उजाले की ओर, झूठ से सच की ओर, वर्तमान से भविष्य की ओर बढ़ने का। ज्ञान की धरती कहे जाने वाले बिहार की जनता से मेरी अपील है कि वो महागठबंधन के उम्मीदवारों को वोट दें और नए बिहार का निर्माण करें।’
