सचिन वाजे के सहयोगी एपीआई रियाज काज़ी का बड़ा खुलासा
बिजनेस मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली विस्फोटक से भरी गाड़ी की जांच इस समय एनआईए कर रही है। इस मामले में पुलिसकर्मी सचिन वाजे पर शिंकजा सकता ही जा रहा है और माना जा रहा है कि वह इस पूरी घटना के मास्टर माइंड हैं। अब खबर आ रही है कि सचिन वाजे के सहयोगी एपीआई रियाज काज़ी ने केस को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है।
CIU में पोस्टेड एपीआई रियाज़ द्वारा NIA को दिए स्टेटमेंट के मुताबिक, उन्होंने केस के जांच के दौरान जो भी सीसीटीवी फुटेज और डीवीएआर जब्त किया वो सब सचिन वाज़े के आदेश के अनुसार किया, क्योंकि वह इस जांच को लीड कर रहें थे। उन्हें कभी इस बारे में नहीं बताया गया कि ये डीवीएआर और सीसीटीवी फुटेज क्यों जब्त किए गए और क्राइम ब्रांच के रिकॉर्ड में क्यों रखे गए हैं। वह सिर्फ जांच टीम का हिस्सा थे, इससे ज्यादा उनकी भूमिका नहीं थी।
रियाज़ के बयान के मुताबिक, उन्हें ये भी नहीं पता था कि इन सबूतों को नष्ट या उनसे छेड़छाड़ करने के लिए उन्हें बिना क्राइम ब्रांच के रिकॉर्ड में रखा गया है।
इसके पहले युवराज शेलार सफेद इनोवा का ड्राइवर भी सचिन वाजे को लेकर बयान दे चुका है कि वो 24 फरवरी को इनोवा गाड़ी की चाभी सीपी ऑफिस में रखकर घर चला गया था। उसके बाद देर रात इनोवा किसके आदेश पर किसने निकाली ये उसे नहीं पता था। 25 फरवरी की सुबह जब वो आया तो इनोवा उसे वहीं खड़ी मिली, लेकिन 26 फरवरी को इनोवा को खराब बताकर उसे पुलिस के मोटर ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में भेज दिया गया था।
इन दोनों के बयान के बाद सचिन वाज़े की मुश्किल और बढ़ने लगी है, लेकिन एनआईए आंख बंद कर रियाज़ के बयान पर भरोसा नहीं कर सकती।
