बड़ी खबर: मुख्यमंत्री रावत ने की धान कटाई, स्थानीय लोग हुये सादगी के कायल,Video हुआ वायरल
देहरादून/पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की सादगी ने एक बार फिर स्थानीय लोगों को चैका दिया। सीएम त्रिवेंद्र रावत कल्जीखाल ब्लॉक के घंडियाल इलाके में एक कार्यक्रम पहुंचे थे। इस दौरान सीएम स्थानीय लोगों के साथ वार्ता करने के बाद धान की कटाई में लग गये। यह नजारा देख आसपास के लोग भी दंग रह गये। जिस तरीके से सीएम रावत ने धान की कटाई की उससे यह लग रहा था कि सीएम रावत इस विधा में भी माहिर है।
पौड़ी गढ़वाल की मनियारसयुं पट्टी में सीएम ने अपने किसानी पहलुओं से भी रूबरू कराया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि उत्तराखंड में अनेक नौजवान कठिन परिस्थितियों के कारण घर की ओर वापस लौटे हैं। उत्तराखंड के युवाओं को स्वरोजगार के लिए पर्याप्त अवसर मिले, इसके लिए राज्य में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना शुरू की गई है। इस योजना में लगभग सभी प्रकार के कार्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने घंडियाल में टीएनवीएसई ग्रुप द्वारा उत्पादित पहाड़ी उत्पादों के प्लांटेशन, पायलट प्रोजेक्ट व किनवा की बुआई एवं स्वावलंबन स्वयं सहायता के उत्पादों की जानकारी ली। रिवर्स पलायन अभियान योजना के तहत फल सब्जी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु रैफर वेन सहयोगार्थ को हरी झंडी देकर भी रवाना किया।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि प्रदेश में 100 से अधिक ग्रोथ सेंटर प्रारंभ हो चुके हैं। सभी न्याय पंचायतों में एक-एक ग्रोथ सेंटर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना के तहत बस खरीदने के लिए 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। इन बसों का रोडवेज से अनुबंध करने की व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में पर्यटन के तहत हम 10 हजार मोटर बाईक देंगे। इसमें दो साल का ब्याज राज्य सरकार देगी। 25-25 किलोवाट के 10 हजार छोटे सोलर पावर प्रोजेक्ट की योजना मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में शामिल की गई है।
