बड़ा हादसा: देहरादून टोल प्लाजा पर भीषण सड़क हादसा; दो की दर्दनाक मौत
देहरादून। हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा पर हुए भीषण हादसे की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। जिसमें दिख रहा है कि देहरादून से ऋषिकेश की तरफ जा रही कार टोल प्लाजा पर अन्य वाहनों के साथ खड़ी थी। तभी एक डंपर/ट्रक पीछे आया और टक्कर मार दी। गति मध्यम होने के बाद भी ट्रक के ब्रेक नहीं लगे और उसने कार को आगे धकेलते हुए सामने खड़े पोल पर बुरी तरह पिचका दिया। हादसे में कार सवार रतनमणि उनियाल निवासी इंद्रप्रस्थ एनक्लेव लेन नंबर -15, नियर 6 नंबर पुलिया, रायपुर देहरादून तथा पंकज कुमार पुत्र किशोरी लाल पंवार की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को वाहन से बाहर निकाल कर अग्रिम कार्रवाई हेतु मोर्चरी में भिजवाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। दोनों मृतक डिस्ट्रिक्ट कोर्ट टिहरी में नियुक्त थे तथा आज अपने घर से टिहरी के लिए जा रहे थे। लेकिन, होनी को तो कुछ और ही मंजूर था।
डंपर चालक को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है। दुर्घटना कारित करने वाले डंपर के समस्त दस्तावेजों की ARTO ऋषिकेश द्वारा जांच की गई, जिसमें सभी दस्तावेज सही पाए गए है, साथ ही डंपर में भरी खनन सामग्री से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। घटना के संबंध में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
