श्रीदेव सुमन विवि में परीक्षा व्यवस्था का बुरा हाल, इस बार किया ये कमाल

Sri-Dev-Suman-University-Date-Sheet-SDSU-BA-BSc-Scheme

देहरादून। श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विवि का परीक्षा विभाग तो राम भरोसे ही है। छात्र संख्या के लिहाज से इस विवि को प्रदेश का सबसे बड़ा विवि बताया जाता है। इस विवि को स्थापित हुए तकरीबन एक दशक से ज्यादा का अरसा हो चुका है। लेकिन विवि में लड़खड़ती परीक्षा व्यवस्था आज तक पटरी पर नहीं आ पाई है। रिजल्ट में देरी, प्रश्न-पत्रों और अंकतालिकाओं में खामियां तो यहां आम हैं। लेकिन इसकी जिम्मेदारी लेने वाला विवि में कोई नजर नहीं आता।

ताजा मामला विवि के चल रहे भौतिक विज्ञान की परीक्षा का है। जहां विवि ने भौतिक विज्ञान द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों से चतुर्थ सेमेस्टर के सवाल पूछ दिए। जिस पर छात्रों ने आपत्ति जताई हैं। हालांकि छात्रों के आपत्ति जताने के बाद विवि प्रशासन ने गलती को स्वीकार करते हुए परीक्षा निरस्त कर दी है। अब इस विषय की परीक्षा 27 मई को आयोजित की जाएगी।

पूर्व छात्रसंघ सचिव अमन पांडे ने बताया कि विवि के ऋषिकेश परिसर में मंगलवार को स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की भौतिक विज्ञान प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। लेकिन छात्रों को जब प्रश्नपत्र मिला तो उसमें चतुर्थ सेमेस्टर के पाठ्यक्रम के सवाल पूछे गए थे। जिसकी शिकायत छात्रों ने कक्ष निरीक्षकों से की है। बताया जा रहा है कि अब विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से इस संबंध में सभी संबंद्ध में कॉलेजों को पत्र भेजा गया है।