राम मंदिर भूमिपूजन कार्यक्रम:वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को अभी तक निमंत्रण नहीं

advani and joshi

5 अगस्त को होने जा रहे राम मंदिर भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए अयोध्या को सजा दिया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। साथ ही 200 लोगों को कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया है। इस बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर है कि भूमि पूजन के महज चार दिन बाकी हैं और बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को अभी तक निमंत्रण नहीं भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, अयोध्या में मंच की व्यवस्था भी फाइनल कर दी गई है। खास बात यह है कि सिर्फ पांच लोग ही मंच पर रहेंगे। इनमें प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास मंच पर मौजूद रहेंगे।  

प्रतिमा भेंट की जाएगी 

अयोध्या यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को लकड़ी की बनी दुर्लभ डेढ़ फुट की कोदंड राम और एक फुट की लव-कुश की प्रतिमा भेंट की जाएगी। दरअसल, भगवान श्रीराम के धनुष को कोदंड के रूप में जाना जाता है। जब वह सीताजी की खोज में दक्षिण भारत पहुंचे थे तो उनके हाथ में उस वक्त कोदंड धनुष था।  

राम मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन 5 अगस्त को होना है, लेकिन इसके दो दिन पहले यानी 3 अगस्त से ही अयोध्या में उत्सव शुरू हो जाएगा। प्रशासन की ओर से शहर में लाखों दीए जलाए जाएंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की जाएगी कि वो अपने घरों के बाहर दीए जलाएं।  

शहर के क्या महत्वपूर्ण स्थल और सड़कों के किनारे की दीवारें, सभी को पीला रंगा जा रहा है। इसमें मकान, दुकानें और अन्य निर्माण सब शामिल हैं। अयोध्या की मुख्य सड़क के दोनों तरफ पीला ही पीला दिखने लगा है। हिंदू परंपरा में पीले रंग को धार्मिक अनुष्ठान, पूजा पाठ और विद्या के लिए बहुत शुभ माना जाता है।