⛰️ लंबी कतारों में उमड़ा जनसैलाब – श्रद्धालुओं के चेहरों पर लौटी रौनक, ‘बम बम भोले’ के जयकारों से गूंजा जम्मू मौसम सुधरते ही अमरनाथ यात्रा फिर पटरी पर, सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
जम्मू : खराब मौसम के चलते एक दिन रुकी अमरनाथ यात्रा आखिरकार आज से फिर शुरू हो गई है। जैसे ही यात्रा बहाल हुई, श्रद्धालुओं के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और बेस कैंप भगवती नगर में ‘बम बम भोले’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारों में खड़े दिखे। कई श्रद्धालुओं ने खुशी जताते हुए कहा, “हमारा इंतजार खत्म हुआ, अब बाबा बर्फानी के दर्शन होंगे।” इस बार यात्रा में शामिल ज्यादातर लोग पहली बार दर्शन करने पहुंचे हैं, जिनमें जबरदस्त उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।
सुरक्षा के लिहाज से भी प्रशासन ने कोई ढील नहीं बरती। बेस कैंप के बाहर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और अन्य पैरामिलिट्री फोर्सेस तैनात हैं, जो हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
यात्रियों को उनके पंजीकरण और जत्थों के हिसाब से बेस कैंप भेजा जा रहा है। जिनका नंबर अगले जत्थे में है, उन्हें सुबह 17वें जत्थे के साथ रवाना किया जाएगा। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा बर्फानी के दर्शन के बाद वे मां वैष्णो देवी के दर्शन कर यात्रा पूरी करेंगे।
